
गाड़ी पर तत्काल लगवाएं FASTag, सरकार फिर नहीं बढ़ायेगी डेडलाइन

देश भर में आज मध्य रात्री से FASTag अनिवार्य कर दिया जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने आज रविवार की रात 12 बजे से सभी टोल प्लाजा पर कैशलेन बंद करने के निर्देश दिए हैं। वहीं इस मामले में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि फास्टैग की अनिवार्यता की डेडलाइन यानी कि आखिरी तारीख को अब फिर से नहीं बढ़ाया जाएगा।
बता दें कि, FASTag को सभी वाहनों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। इसे पहली बार साल 2016 में लागू किया गया था, जिसके बाद सरकार ने कई बार इसकी समय सीमा को बढ़या है। लेकिन अब मंत्रालय ने मन बना लिया है कि इसे तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए इसकी समय सीमा को आगे न बढ़ाया जाए।
इससे पहले 1 जनवरी से टोल प्लाजा पर कैशलेन बंद करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन बाद में उसे डेढ़ माह के लिए और बढ़ा दिया गया था। NHAI ने अब सभी टोल प्लाजा पर 24 घंटे फास्टैग की बिक्री की शुरुआत कर दी है, ताकि लोगों को आसानी से फास्टैग खरीदने में सुविधा हो। इसके अलावा ये सुविधा देश के बैंकों के साथ ही ऑनलाइन भी उपलब्ध है। यदि आपने अब तक अपने गाड़ी पर FASTag नहीं लगवाया है तो ये आखिरी मौका है, तत्काल इसे लगवा लें।
जानकारी के अनुसार नितिन गडकरी ने नागपुर एयरपोर्ट पर मीडिया को दिए अपने एक बयान में कहा कि, सरकार ने FASTag रजिस्ट्रेशन की समय सीमा को दो-तीन बार बढ़ाया है, और अब इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। सभी लोगों को तत्काल अपने गाड़ियों पर फास्टैग लगवाना अनिवार्य होगा। इससे पहले सरकार ने फॉस्टैग की डेडलाइन को 1 जनवरी 2021 से बढ़ाकर 15 फरवरी 2021 किया था।
देना पड़ेगा भारी जुर्माना:केंद्र ने ये साफ कर दिया है कि कल यानी 15 फरवरी से वाहनों पर FASTag अनिवार्य कर दिया जाएगा। यदि कोई वाहन बिना फास्टैग के या फिर ऐसे टैग के साथ ड्राइविंग करते हुए पाया जाता है जो टैग काम नहीं कर रहा है तो उन्हें भारी जुर्माना भरना पड़ेगा। इसके लिए वाहन की कैटेगरी के अनुसार दोगुने शुल्क का प्रावधान किया गया है।