प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज (26 अक्टूबर) देशभर में प्रदर्शन करेगी। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी के दिवंगत पिता के बारे में टिप्पणी की थी।
बीजेपी ने इसे 'अपमानजनक, अभद्र और आपत्तिजनक' बताया था। पार्टी के एक बयान के मुताबिक बीजेपी सभी राज्य मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी।
पटना में खरगे ने की थी टिप्पणी
बीजेपी ने कहा है कि ये प्रदर्शन पटना में कांग्रेस अध्यक्ष की गई टिप्पणियों के जवाब में हो रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणियां राजनीतिक चर्चा की सभी सीमाओं को पार कर गई हैं और शासन या नीति की आलोचना के बजाय एक व्यक्तिगत हमला है। उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक नेताओं के परिवार के सदस्यों को निशाना बनाना सार्वजनिक बहस में एक नई गिरावट को दर्शाता है। बीजेपी ने अपनी स्टेट यूनिट्स को राज्य पार्टी कार्यालयों के सामने शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का निर्देश दिया है।
बिना शर्त माफी मांगने की मांग
बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर अपना कड़ा विरोध जताने की उम्मीद है। भाजपा के प्रवक्ताओं ने कहा है कि प्रदर्शनों से यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि इस तरह की टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष से बिना शर्त माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत अपमान का रूप नहीं देना चाहिए।
सियासी तनाव बढ़ने की आशंका
बीजेपी के सीनियर नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सार्वजनिक जीवन में शालीनता और आपसी सम्मान के बुनियादी मानकों का पालन करना जूरूरी है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस मामले पर तत्काल कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। आने वाले दिनों में इस विवाद से दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच राजनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका है। बता दें कि पटना में एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि SIR में गड़बड़ी करने वाले जेल जाएंगे। इस दौरान जब एक शख्स ने कहा था कि मोदी नहीं जाएंगो तो इसके जवाब में खरगे ने कहा था,'मोदी का बाप भी जाएगा।'

